बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार में एसटीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने पूर्व मध्य रेल के दानापुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गांजा की तस्करी करते दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से 30.4 किलोग्राम गांजा, 10,900 रुपये नकद और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दोनों तस्करों की पहचान सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के सबलपुर नवल टोला निवासी सुनील कुमार उर्फ जितेंद्र राय और चंदन कुमार के रूप में हुई है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि तस्करों की एक बड़ी खेप दानापुर जंक्शन रेलवे स्टेशन के रास्ते कहीं भेजी जाने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ और जीआरपी ने जल्द कार्रवाई करते हुए प्लेटफार्म संख्या-1 के समीप संदिग्ध स्थिति में खड़े दोनों युवकों को घेर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दोनों को भागने का मौका तक नहीं मिला। पूछताछ के दौरान दोनों तस्कर ने कबूल किया कि वे नेपाल सीमा से अवैध गांजे की खेप लाकर पटना, वैशाली और सारण सहित राज्य के कई जिलों में सक्रिय नेटवर्क तक पहुंचाते थे।
गांजा तस्कर गिरोह बड़े ट्रकों या भारी वाहनों के बजाय हर तीसरे-चौथे दिन रेल ट्रेनों और छोटे साधनों से 30 से 40 किलोग्राम गांजे की छोटी-छोटी खेप पटना मंगवाता था। इस तरीके से वे पुलिस की नजरों से बचते आ रहे थे। इस खेप को पटना पहुंचने के बाद पटना सिटी, दानापुर, बुद्धा कालोनी और जक्कनपुर जैसे प्रमुख शहरी इलाकों में फैले अपने स्थानीय नेटवर्क के जरिए ठिकाने लगाया जाता था। दानापुर जीआरपी थाना के थानेदार अजय कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार मुख्य आरोपित जितेंद्र राय का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व से ही हत्या, आर्म्स एक्ट और शराब की तस्करी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।








