पंजाब के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज जंडियाला गुरु शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ वर्षा जल की सुचारु निकासी के लिए बनाई जा रही साइड ड्रेन के निर्माण कार्य का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि “ऑफ साइड ड्रेन अलॉन्ग फ्लाईओवर एट जंडियाला गुरु, जिला अमृतसर” परियोजना को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से 5 मार्च, 2026 को 9.31 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई थी।

उन्होंने बताया कि 9.31 करोड़ रुपये की लागत से साइड ड्रेन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है तथा इसे छह माह की समय-सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस परियोजना के पूरा होने से जंडियाला गुरु के जी.टी. रोड पर बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा।
श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि साइड ड्रेन के निर्माण के बाद वर्षा के पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सकेगी, जिससे अड्डा सरां सहित आसपास के दुकानदारों, राहगीरों तथा स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे लोगों की आवाजाही भी आसान होगी और क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनहित से जुड़े सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।








