कन्नौज : कन्नौज में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य मंत्री असीम अरुण ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सीएंडडीएस (CNDS) और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर स्थिति की समीक्षा की तथा जल निकासी को सुचारू बनाने के लिए तत्काल प्रभाव से तीन प्रमुख निर्देश दिए….

धीरा ताल से जल निकासी: धीरा ताल से आगे रेलवे लाइन पार कराकर अस्थायी पाइपलाइन बिछाई गई है और पंप चालू कर दिया गया है। इससे जलस्तर लगभग 1 फ़ुट नीचे उतरा है, जिसे पुराने सामान्य स्तर पर लाने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएफओ कार्यालय के पास जलभराव का समाधान : डीएफओ (DFO) कार्यालय के बगल में स्थित तालाब के पानी को कम करने के लिए सड़क के ऊपर से अस्थायी पाइप डालकर पंप चालू किया जा रहा है, जिससे दोपहर बाद तक पानी का स्तर घटाया जा सके।
मानपुर की ओर से आने वाले पानी का मार्ग खोलना : मानपुर की ओर से आने वाले जलमार्ग (ड्रेनेज) में आई रुकावट (चोकिंग) को तुरंत साफ करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पानी धीरा ताल में आ सके और वहां से पंप के जरिए आगे निकाला जा सके।
मंत्री असीम अरुण ने कहा कि अत्यधिक बारिश के कारण चुनौतीपूर्ण स्थिति उत्पन्न हुई है, लेकिन प्रशासन धरातल पर पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य होगी।









