भरमौर हिमाचल (नितिन): मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद भरमौर उपमंडल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई है। श्री मणिमहेश डल झील, काली छो पास, कुगती पास, चोबिया पास और जालसू पास सहित आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर करीब 4 से 6 इंच तक ताजा हिमपात दर्ज किया गया। वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है और पूरे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम में आए इस बदलाव का असर ऊंचाई वाले क्षेत्रों से निचले इलाकों की ओर लौट रहे भेड़पालकों पर भी पड़ा है।
इन दिनों बड़ी संख्या में भेड़पालक अपनी भेड़-बकरियों के साथ दुर्गम पहाड़ी रास्तों से होते हुए कांगड़ा और अन्य निचले क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं। ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के कारण उन्हें अपने पशुधन के साथ आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इन दिनों भेड़ों की ऊन उतारने का समय भी चल रहा है। ऐसे में बारिश और ठंड बढ़ने से भेड़पालकों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब होने के कारण पहाड़ी रास्तों से गुजरते समय उन्हें विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।






