चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने कहा कि पार्टी को रजिस्ट्रेशन देने में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं। उन्होंने केंद्र और पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों सरकारें पार्टी से डरी हुई हैं। अयाली ने साफ किया कि पार्टी अपनी अलग पहचान के साथ चुनाव लड़ना चाहती है और इसके लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब नेताओं से पूछा गया कि यदि पार्टी को अपना चुनाव चिन्ह नहीं मिलता तो क्या वह बसपा के साथ गठबंधन करके उसके चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेगी, तो अयाली ने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी उम्मीदवारों को एक ही चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ाना चाहती है। किसी अन्य दल के चुनाव चिन्ह को अपनाना मंजूर नहीं होगा। आजाद चुनाव लड़ना पार्टी के लिए आखिरी विकल्प रहेगा।
पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए मोबाइल ऐप लॉन्च करने के साथ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। इसके माध्यम से लोग पार्टी की सदस्यता ले सकेंगे और अपने सुझाव भी दे पाएंगे। इस मौके पर अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और सांसद सरबजीत सिंह खालसा भी उपस्थित रहे।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें