📅 गुरुवार, 19 नवंबर 2026 🕒 11:21:51 AM (IST)
अपराध

लाल कपड़ों वाला ढोंगी बाबा फिर पहुंचा ज्वेलरी शॉप, दुकानदार ने CCTV से पहचाना और बिछा दिया जाल

🕒 प्रकाशित: 19-11-2026, 10:54 AM
📍 समाचार स्थान: Ludhiana, Punjab, India
लाल कपड़ों वाला ढोंगी बाबा फिर पहुंचा ज्वेलरी शॉप, दुकानदार ने CCTV से पहचाना और बिछा दिया जाल - Photo 1
लाल कपड़ों वाला ढोंगी बाबा फिर पहुंचा ज्वेलरी शॉप, दुकानदार ने CCTV से पहचाना और बिछा दिया जाल - Photo 2
अक्षर का आकार बदलें
पंजाब लुधियाना(नितिन): ताजपुर रोड स्थित सी.जे. ज्वेलर्स (C.J. Jewellers) पर एक युवक को हिप्नोटाइज (सम्मोहित) कर करीब 3 लाख रुपये के सोने और डायमंड के गहने लेकर फरार होने वाले शातिर ढोंगी बाबा और उसके साथी को आखिरकार शहर के स्वर्णकारों की एकजुटता और गजब की सूझबूझ ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। दोनों शातिर ठग जब शहर के सबसे व्यस्त सराफा बाजार में एक अन्य ज्वेलर को अपना नया शिकार बनाने पहुंचे, तो वहां के दुकानदार ने वॉट्सएप ग्रुप में वायरल हुई सी.सी.टी.वी. फुटेज से उन्हें पहचान लिया। दुकानदार ने उन्हें बातों में उलझाकर रखा और फोन कर ताजपुर रोड के व्यापारियों को बुला लिया, जिन्होंने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को रंगेहाथ दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया 

जानकारी के अनुसार, ताजपुर रोड स्थित सी.जे. ज्वेलर्स में लाल कपड़े पहने एक ढोंगी बाबा दाखिल हुआ था। उसने पहले दुकान पर मौजूद पीड़ित युवक मुनीश से खाना मांगा और फिर बातचीत शुरू करते हुए कहा कि "तुम्हें कोई गंभीर कष्ट है, जिसे मैं दूर कर दूंगा।" कष्ट दूर करने के चक्कर में युवक ढोंगी बाबा की बातों में आ गया। शातिर बाबा ने उसे अपने सम्मोहन (हिप्नोटिज्म) के मायाजाल में इस कदर जकड़ा कि युवक खुद ही काउंटर से करीब 3 लाख रुपये कीमत के सोने और हीरे (डायमंड) के गहने निकालकर बाबा को सौंपता चला गया। ठगी का एहसास होने पर सी.जे. ज्वेलर्स के मालिक विकास, पीड़ित मुनीश और अन्य व्यापारियों ने दुकान के सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाले, जिसमें लाल कपड़े पहने ढोंगी बाबा और उसके साथी का चेहरा साफ कैद हो गया था।

वॉट्सएप ग्रुप में वायरल हुई फुटेज, सराफा बाजार में शिकार ढूंढते वक्त बिछा जाल
ताजपुर रोड के व्यापारियों ने बिना समय गंवाए इस वारदात की सी.सी.टी.वी. फुटेज को लुधियाना के स्वर्णकारों के विभिन्न वॉट्सएप ग्रुप्स में वायरल कर सभी दुकानदारों को सतर्क कर दिया। उधर, वारदात के बाद दोनों शातिर ठगों को लगा कि वे शहर के दूसरे हिस्से में जाकर फिर से किसी ज्वेलर को ठग लेंगे। इसी इरादे से वे सराफा बाजार की एक ज्वेलरी शॉप में दाखिल हुए और वहां भी उसी अंदाज में दुकानदार को बातों में उलझाने की कोशिश करने लगे।

दुकानदार की चतुराई से धरे गए दोनों ठग, फुटेज देखते ही कबूला जुर्म
सराफा बाजार के जिस दुकानदार के पास ये ढोंगी बाबा पहुंचे थे, उसने एक रात पहले ही वॉट्सएप ग्रुप में ताजपुर रोड वाली घटना का वीडियो देखा था। उसने लाल कपड़े और हुलिए से तुरंत दोनों को पहचान लिया। दुकानदार ने घबराने या शोर मचाने के बजाय गजब की चतुराई दिखाई और ठगों को भनक लगे बिना उन्हें बातों में उलझाकर दुकान पर रोके रखा। इसी बीच दुकानदार ने चुपचाप फोन कर ताजपुर रोड के व्यापारियों और पीड़ित मुनीश को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही मुनीश अपने साथियों सहित तुरंत सराफा बाजार पहुंचे और आसपास के स्वर्णकारों के साथ मिलकर दुकान की घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पहले तो वे आनाकानी करते रहे, लेकिन सी.सी.टी.वी. फुटेज सामने रखते ही दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

रिकवरी पर ठगों का चौंकाने वाला झूठ— "लड़कियों को दान कर दिया सारा सोना"
व्यापारियों ने दोनों आरोपियों को मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। जब पुलिस और व्यापारियों ने उनसे चोरी किए गए 3 लाख रुपये के सोने व डायमंड के गहनों की रिकवरी के बारे में सख्ती से पूछा, तो आरोपियों ने बेहद चौंकाने वाला और बेतुका जवाब दिया। ठगों ने दावा किया कि "उन्होंने सारा सोना और गहने राह चलती लड़कियों को दान कर दिए हैं।" व्यापारियों का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर हैं और गहनों को छिपाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ और गहनों की बरामदगी की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।