अमृतसर (नितिन) : थाना मजीठा रोड पुलिस ने एक डॉक्टर को पिस्तौल की नोक पर धमकाकर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले आरोपी को वारदात के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 51 वषीर्य सुखबीर सिंह निवासी भवानी नगर मजीठा रोड अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ इससे पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के सिर पर काफी कर्ज था और वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसी कारण उसने डॉक्टर को धमकाकर फिरौती वसूलने का रास्ता अपनाया। आरोपी मजीठा रोड क्षेत्र में कुलचे की दुकान चलाता था।
पुलिस को डाक्टर ने बताया था कि 8 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे डॉक्टर अपने क्लीनिक में मौजूद थे। इसी दौरान काले रंग का हेलमेट पहने एक व्यक्ति क्लीनिक में दाखिल हुआ। उसने पिस्तौल निकालकर डॉक्टर की ओर तान दी और धमकाते हुए कहा कि सोमवार तक 10 लाख रुपये तैयार रखे जाएं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिस्तौल सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच करते हुए तकनीकी एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी सुखबीर सिंह को थाना मजीठा रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया पिस्तौल, जिंदा कारतूस, स्कूटर और हेलमेट बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले की गहनता से जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।








