पंजाब के लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब की जनता का विश्वास और समर्थन लगातार आम आदमी पार्टी के साथ है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं, पारदर्शी प्रशासन और विकास कार्यों के आधार पर आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी एक बार फिर शानदार जीत दर्ज कर राज्य की सेवा जारी रखेगी।
आज जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के गांव गहरी मंडी और मुच्छल में आयोजित जन मिलनी कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता ने विकास, ईमानदार शासन और जनहित की नीतियों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान युवाओं को पूरी तरह मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं तथा उनके लिए रोजगार के अधिक से अधिक अवसर सृजित किए हैं।
श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि स्वास्थ्य क्रांति के तहत पूरे राज्य में आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना आम लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा दिए जाने से लगभग 90 प्रतिशत परिवारों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं, जिससे प्रत्येक माह हजारों रुपये की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि मां-बेटी सम्मान योजना भी राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं को मिल रहा है। इसके अलावा शिक्षा क्रांति के तहत सरकारी स्कूलों का व्यापक विकास किया गया है और आज पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव और शहर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में जितने विकास कार्य हुए हैं, उतने पिछले कई दशकों में भी नहीं हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों को और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा तथा विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने जन मिलनी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पहुंचने और भरपूर समर्थन देने के लिए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जंडियाला गुरु की प्रगति, विकास और जनता की खुशहाली के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।







