पंजाब सरकार तथा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब श्री गौरव यादव के निर्देशों एवं उप महानिरीक्षक पुलिस (डीआईजी), बॉर्डर रेंज, अमृतसर श्री हरमनबीर सिंह गिल की निगरानी में अमृतसर देहात पुलिस द्वारा नशा तस्करों, सीमा पार तस्करों, गैंगस्टरों तथा संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन प्रहार 4.0’ के तहत विशेष अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान सीमावर्ती गांवों, नशा प्रभावित क्षेत्रों, सार्वजनिक परिवहन केंद्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष तलाशी एवं जांच अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने ड्रोन के माध्यम से होने वाली तस्करी पर रोक लगाने, मादक पदार्थों की खेपों को पकड़ने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।
डीआईजी श्री हरमनबीर सिंह गिल ने नशा तस्करों एवं गैंगस्टरों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग स्वेच्छा से आत्मसमर्पण करेंगे, उनके साथ कानून के अनुसार नरमी बरती जाएगी। लेकिन कानून से भागने या पुलिस से बचने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त एवं अपराधमुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 21 और 22 जुलाई को चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 349 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान एनडीपीएस अधिनियम के तहत 72 मामले, आर्म्स एक्ट के तहत 13 मामले तथा आबकारी अधिनियम के तहत 15 मामले दर्ज किए गए।

पुलिस ने अभियान के दौरान 15 किलोग्राम 503 ग्राम हेरोइन, 24 पिस्तौल, 26 मैगजीन, 60 जिंदा कारतूस, 970 ग्राम अफीम, 1,26,000 मिलीलीटर अवैध शराब, 695 नशीली गोलियां, एक ड्रोन, 6 मोटरसाइकिल तथा 14,200 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके अलावा दो बड़े सीमा पार तस्करों, छह सप्लायरों तथा चार नशा तस्करों (पेडलरों) को भी गिरफ्तार किया गया।








