भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त, अमृतसर के नेतृत्व में जिला अमृतसर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एस.आई.आर.-2026) का कार्य पूरी गंभीरता के साथ जारी है। एस.आई.आर.-2026 की प्रगति संबंधी नवीनतम रिपोर्ट तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आधिकारिक कार्यक्रम भी जारी किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि जिले में मतदाता पंजीकरण एवं निर्वाचन डाटाबेस प्रबंधन के कार्य में प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि 30 जून, 2026 तक उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जिले के कुल 19,73,071 मतदाताओं में से अब तक 17,64,101 एन्यूमरेशन फॉर्म (ई.एफ.) वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि फॉर्म वितरण अभियान के साथ-साथ डिजिटलीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। वितरित किए गए फॉर्मों में से 20,438 एन्यूमरेशन फॉर्मों का पूर्ण सत्यापन कर निर्वाचन डाटाबेस में उनकी डिजिटल प्रविष्टि की जा चुकी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 2,134 बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.), 213 सेक्टर अधिकारी, 22 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ए.ई.आर.ओ.) तथा 110 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मैदानी स्तर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दलविंदरजीत सिंह ने नागरिकों एवं राजनीतिक दलों की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पंजाब राज्य हेतु जारी एस.आई.आर.-2026 का पूरा कार्यक्रम साझा करते हुए बताया कि 25 जून से 24 जुलाई, 2026 तक घर-घर जाकर गणना एवं सत्यापन (डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन) किया जाएगा। मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 3 अगस्त, 2026 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की अवधि 3 अगस्त से 2 सितंबर, 2026 तक रहेगी। सुनवाई एवं सत्यापन की अवधि 3 अगस्त से 28 सितंबर, 2026 तक होगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 1 अक्टूबर, 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि डाटा एंट्री में 100 प्रतिशत शुद्धता एवं गति सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर आने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने एन्यूमरेशन फॉर्म समय पर जमा करवाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे।






