पंजाब जालंधर (नितिन): नई सब्जी मंडी मकसूदां में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक चोर मशरूम कारोबारी के बैग से 2 लाख रुपए से भी ज्यादा नकदी चुरा कर फरार हो गया। जैसे ही कारोबारी को पता लगा तो उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना एक की पुलिस पार्टी ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी देते मशरूम कारोबारी सौरव ने बताया कि शुक्रवार को उनका कैश कलेक्शन करने का दिन होता है। सुबह उन्होंने ग्राहकों से 2 लाख रुपए से ज्यादा पैसे इकट्ठा किए थे। सौरव ने कहा कि कुछ समय बाद बैग में वह कैश डालने लगे तो देखा कि उसमें 2 लाख रुपए से अधिक कैश का बंडल गायब था। पिता और वर्करों से पूछा तो कुछ समझ नहीं लगा। जैसे ही उन्होंने सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाले तो देखा कि एक युवक कुछ समय तक उनके पास खड़ा रहा और जैसे ही उनका ध्यान बंटा तो उसने बैग में हाथ डाल कर कैश निकाल लिया व काफी स्पीड से फरार हो गया। मौके पर पहुंची थाना एक की पुलिस ने सी.सी.टी.वी. फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सौरव द्वारा लिखित शिकायत सौंप दी गई है।







