बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। राजधानी पटना स्थित हार्डिंग पार्क नए रेल टर्मिनल के निर्माण कार्य में तेजी लाएं। ताकि, पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और रेल यात्रियों का दबाव कम हो सके तथा आम रेल यात्रियों को जल्द राहत मिले। इसके साथ ही फेज-वन के तहत निर्माण कार्य इस तरह से करें कि भविष्य में फेज-टू के विस्तार में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। यह निर्देश पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने गुरुवार यानी 22 अक्टूबर को हार्डिंग पार्क नए रेल टर्मिनल के औचक निरीक्षण के दौरान दिया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने निर्माण कार्य में आ रही व्यवहारिक और तकनीकी बाधाओं का बारीकी से जायजा लिया और उन्हें शीघ्र दूर करने के आवश्यक सुझाव दिए।
महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने हार्डिंग पार्क नए टर्मिनल निर्माण कार्य में जुटे रेलवे इंजीनियरों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि फेज-वन के अंतर्गत बनने वाले प्रशासनिक भवनों और स्थायी संरचनाओं की रूपरेखा इस प्रकार तैयार की जाय कि फेज-टू के निर्माण के समय उनमें किसी भी तरह की तोड़फोड़ या संरचनात्मक बदलाव की आवश्यकता न पड़े। निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज की प्रगति की भी समीक्षा की और गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में काम पूरा करने को कहा है।
महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने हार्डिंग पार्क टर्मिनल पर बन रहे सभी 5 रेलवे प्लेटफॉर्मों का स्थलीय मुआयना किया। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र का कहना है कि हार्डिंग पार्क में 5 नए टर्मिनल रेलवे प्लेटफॉर्म बन जाने से पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेल ट्रेनों की शेड्यूलिंग और टर्नअराउंड क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे ट्रेनों के परिचालन दक्षता में सुधार होगा और पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर होने वाले ट्रेनों के कंजेशन से बड़ी राहत मिलेगी। नई दिल्ली-हवड़ा मेन लाइन पर मेल व एक्सप्रेस रेल ट्रेनों का आवागमन सुगम होगा और पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों की भीड़ का दबाव काफी कम हो जाएगा। साथ ही, इस अत्याधुनिक नए टर्मिनल के सभी रेलवे प्लेटफॉर्मों को अंडरग्राउंड कनेक्टिविटी की सुविधा से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा यह टर्मिनल निर्माणाधीन पटना मेट्रो रेल, प्रमुख सड़क मार्गों और नवनिर्मित मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के साथ सीधे जुड़ेगा। इससे एक ही जगह पर रेल यात्रियों को ट्रेन, मेट्रो और स्थानीय परिवहन के विभिन्न साधन सुलभता से मिल सकेंगे।






