बिहार विधान परिषद चुनाव-2026: सारण शिक्षक सीट पर त्रिकोणीय तो पटना स्नातक पर मुकाबला रोचक, एनडीए एकजुट, महागठबंधन में टकराव, जेएसपी ने सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़कर लगाया सियासी तड़का!

On: October 23, 2026 9:23 AM
हमें फॉलो करें:

ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार विधान परिषद यानी एमएलसी की 8 सीटों के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव प्रचार का शोर बुधवार की शाम को ही थम गया है। लेकिन, प्रत्याशियों के सहयोगी अपने-अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोट की जुगाड़ में दिनरात एक किए हुए हैं। शुक्रवार यानी 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 150 प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 335 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 598 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन पर कुल 5,32,547 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 4.92 लाख स्नातक और 40 हजार शिक्षक वोटर हैं। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी।

यह पहला एमएलसी चुनाव होने जा रहा है, जिसमें प्रमुख पार्टियां आम चुनाव की तरह दिलचस्पी दिखा रही हैं। जबरदस्त जनसंपर्क और आरोप प्रत्यारोप तो अब चुनावों के श्रृंगार बन गए हैं, नई शुरुआत लिफाफा बांटने की हुई है। कई क्षेत्रों से यह सूचना मिल रही है कि रुपये तक बांटे गए हैं। यह आरोप किसी एक दल के प्रत्याशी पर नहीं लगा है। चुनाव प्रचार में महागठबंधन की तुलना में एनडीए की सक्रियता अधिक दिखाई पड़ी। नामांकन के दिन एनडीए के सभी घटक दलों के नेता मंच पर विराजमान रहे। चुनाव क्षेत्रों के जिलों में आयोजित बैठकों में भी एनडीए की एकजुटता बनी रही। इसके पांच में से केवल दो दल जनता दल (युनाइटेड) यानी जद(यू.) व भारतीय जनता पार्टी यानी भाजपा चुनाव लड़ रही है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा यानी रालोमो के रामपुकार सिन्हा सारण शिक्षक क्षेत्र से ताल ठोके थे। लेकिन, दल से 6 वर्ष के लिए निकाले जाने के बाद उन्होंने जद(यू.) प्रत्याशी आनंद पुष्कर का समर्थन कर दिया है। हालांकि, नाम वापसी के बाद उन्होंने चुनावी मैदान से हटने का एलान किया है। वैसे में मत पत्र में उनका नाम रहना तय है।

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में रालोमो से निलंबित रामपुकार सिन्हा के चुनाव मैदान से हटने के बाद जद(यू.) प्रत्याशी आनंद पुष्कर का मुकाबला जन सुराज पार्टी यानी जेएसपी के अफाक अहमद और राजद के जयराम यादव से है। अफाक अहमद वर्तमान में इसी सीट से विधान पार्षद हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने आनंद पुष्कर को पराजित किया था। राजद के जयराम यादव भी मैदान में है। वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मौजूदा एमएलसी व भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव का मुकाबला राजद प्रत्याशी डॉ.संजीव कुमार से है। जेएसपी प्रत्याशी डॉ.दिव्या ज्योति और कांग्रेस प्रत्याशी संजय कुमार भी चुनाव मैदान में हैं। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन सीट पर मौजूदा एमएलसी व भाकपा प्रत्याशी संजय कुमार और भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह के बीच मुकाबला है। इस सीट पर जेएसपी के श्यामनंद यादव भी चुनौती पेश कर रहे हैं। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस, जद(यू.) और राजद के बीच मुकाबला है। कांग्रेस के डॉ.मदन मोहन झा का सामना जद(यू.) के घनश्याम राय से है। जबकि, राजद ने कुमर राऊत को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, जेएसपी ने एस.पी. राय को चुनावी दंगल में उतारा है।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना सीट का मुकाबला सबसे अधिक चर्चा में है। यहां जद(यू.) प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ मैदान में उतरे जेएसपी प्रत्याशी डॉ.अनुज सिंह को मोकामा के बाहुबली जद(यू.) विधायक अनंत कुमार सिंह का समर्थन मिल रहा है। राजद प्रत्याशी दिलीप कुमार भी चुनाव लड़ रहे हैं। वैसे, जद(यू.) के नीरज कुमार बीमार चल रहे हैं। उनका हाल जानने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई और भी नेता पहुंचे हैं। सभी आराम की सलाह दी है। एनडीए के नेता उनका चुनावी कमान संभाले हुए हैं। वहीं, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी बंशीधर ब्रजवासी, जद(यू.) प्रत्याशी अभिषेक झा और राजद की डॉ.रश्मि विनायक गौतम के बीच मुकाबला है। राजद प्रत्याशी डॉ.रश्मि विनायक गौतम का जनसेवा का पुराना राजनीतिक इतिहास रहा है और इसी के सहारे अपने चुनावी अभियान में वोटरों से जुड़ने की कोशिश कर रही हैं। डॉ.रश्मि मुजफ्फरपुर शहर के चर्चित विधायक रहे पूर्व मंत्री स्व.रघुनाथ पांडेय की नातिन पुतोहु हैं। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मौजूदा निर्दलीय एमएलसी सर्वेश कुमार को भाजपा ने इस बार अपना प्रत्याशी बनाया है। राजद के अनिल कुमार झा, कांग्रेस के रजनीकांत पाठक और जेएसपी के डॉ.मोहम्मद इम्तियाज नूरानी के बीच टक्कर है। कोसी निर्वाचन क्षेत्र में मौजूदा एमएलसी व भाजपा के डॉ.एन.के. यादव, राजद के नीतेश कुमार और कांग्रेस के मनोज कुमार के बीच मुकाबला है।

वैसे, जेएसपी के 8, जद(यू.) के 4, भाजपा के 4, राजद के 6, कांग्रेस के 5 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हैं। जबकि, भाकपा, माकपा और भाकपा-माले के 1-1 प्रत्याशी भी चुनावी दंगल में हैं। दूसरी तरफ महागठबंधन के प्रमुख दल राजद, कांग्रेस और वाम दलों के प्रत्याशी कई सीटों पर आपस में टकरा रहे हैं। वहीं, एनडीए की तरह पीके की जन सुराज पार्टी ने भी सघन चुनाव प्रचार अभियान चलाया है। शुक्रवार को मतदान है। 27 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। उससे ही पता चल पाएगा कि किस दल या गठबंधन को चुनाव में बड़ी सफलता मिली है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment