पंजाब नितिन : पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के उद्देश्य से अमृतसर जिले में 36 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए गए। होशियारपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और आम आदमी पार्टी की पंजाब लीडरशिप ने राज्य भर में 154 नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पंजाब में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,245 हो गई है।
राज्य स्तरीय समारोह के बाद कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ., विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल, विधायक मैडम जीवनजोत कौर, विधायक स. जसविंदर सिंह रामदास और हलका इंचार्ज मैडम सोनिया मान ने अमृतसर जिले के विभिन्न स्थानों पर नए क्लीनिकों का उद्घाटन करके उन्हें जनता को समर्पित किया।
इनमें मानांवाला में 8, रमदास में 12, तरसिक्का में 2, वेरका में 5, लोपोके में 7, थरीएवाल में 1 और बाबा बकाला में 1 क्लीनिक शामिल है।
जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को उनके घरों के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से अब तक मरीज 6.5 करोड़ से अधिक बार मुफ्त दवाइयों और जांच सुविधाओं का लाभ उठा चुके हैं। इन क्लीनिकों में मुफ्त चिकित्सा परामर्श, दवाइयां और विभिन्न प्रकार की मेडिकल जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन क्लीनिकों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि क्लीनिकों के विस्तार से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ेगी, बड़े अस्पतालों पर मरीजों का बोझ कम होगा और लोगों को समय पर उपचार मिल सकेगा।








