पंजाब लुधियाना (नितिन): गवर्नमैंट कॉलेज स्थित ड्राइविंग टैस्ट ट्रैक पर सोमवार सुबह से बिजली बंद रहने के कारण लाइसैंस बनवाने और अन्य जरूरी कामों के लिए पहुंचे आवेदकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही बिजली आपूर्ति ठप्प रहने के चलते कई आवेदकों के काम नहीं हो सके। इससे लोगों को बिना काम करवाए ही वापस लौटना पड़ा। उन लोगों की परेशानी और बढ़ गई जिनके ड्राइविंग लाइसैंस की वैधता समाप्त होने वाली है।
हजारों रुपए फीस देने के बावजूद काम नहीं होने से लोगों में रोष
ट्रैक पर पहुंचे आवेदकों ने सरकारी व्यवस्था के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लाइसेंस बनवाने और अन्य प्रक्रियाओं के लिए हजारों रुपए तक की फीस जमा करवानी पड़ती है। इसके बावजूद समय पर काम नहीं होने से लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है। आवेदकों ने सरकार से मांग की कि ड्राइविंग टैस्ट ट्रैक पर बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के कारण परेशान न होना पड़े।








