पंजाब / जालंधर( नितिन ) : जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब शान-ए-पंजाब ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई। हादसे के चलते शादी समारोह में शामिल होने जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक की पहचान शमशेर सिंह पुत्र लखबीर सिंह निवासी विष्णु गार्डन, ख्याला, नई दिल्ली के रूप में हुई है। शमशेर सिंह अपनी माता पपिंदर कौर व बेटी नीलम कौर के साथ दिल्ली से अमृतसर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12497 शान-ए-पंजाब करीब 12.51 बजे जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर पहुंची थी। ट्रेन का यहां करीब 5 मिनट का ठहराव था। इसी दौरान शमशेर सिंह पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गए। कुछ देर बाद ट्रेन चलने लगी तो उनकी बेटी नीलम कौर ने दरवाजे से पिता को आवाज लगाई कि ट्रेन चल पड़ी है। इसी दौरान नीलम का पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आने लगी। जी.आर.पी. थाने के ए.एस.आई. बलविंदर सिंह ने बताया कि बेटी को ट्रेन की चपेट में आता देख शमशेर सिंह ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह खुद ट्रेन की चपेट में आ गए जबकि नीलम कौर को भी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही जी.आर.पी. थाना पुलिस ने एंबुलैंस बुलाकर दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डाक्टरों ने शमशेर सिंह को मृत करार दे दिया। घायल नीलम कौर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ए.एस.आई. बलविंदर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है और वीरवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारण शान-ए-पंजाब ट्रेन करीब 1.03 बजे अमृतसर के लिए रवाना हुई।
देरी से पहुंची एंबुलैंस, इंतजार करते रहे पुलिस कर्मी
हादसे के बाद पिता व घायल लड़की को उपचार के लिए ले जाने के लिए एंबुलैंस का काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। एंबुलैंस पहुंचने तक पुलिस कर्मी घायल लड़की व उसके पिता को स्टेशन के बाहर बैठाकर इंतजार करते रहे। वहीं, मौके पर यह भी चर्चा रही कि एंबुलैंस का ए.सी. खराब था। हालांकि, ए.सी. खराब होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं, एंबुलैंस के रश में फंसने की बातें कही जा रही थी।
सावधानी जरूरी: ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय जल्दबाजी से बचें
रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय जल्दबाजी के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। कई बार यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास करते हैं और संतुलन बिगड़ने से गंभीर हादसे का शिकार हो जाते हैं। ऐसे हादसों में यात्रियों को अपनी जान तक गंवानी पड़ती है। यात्रियों को चाहिए कि ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही नीचे उतरें और ट्रेन में चढ़ते समय भी जल्दबाजी न करें। विशेषकर कम ठहराव वाली ट्रेनों में समय की जल्दबाजी करने के बजाय अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।






