पंजाब ( नितिन ) : पंजाब कांग्रेस में एक बार फिर संगठनात्मक फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पहले पंजाब प्रभारी के तौर पर भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद अब पार्टी के को-इंचार्ज स्तर पर भी बदलाव की कवायद चलने की चर्चाएं हैं। नई संगठनात्मक सूची को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आने वाले कुछ दिनों में कांग्रेस हाईकमान नए महासचिवों और सचिवों को लेकर फैसला कर सकता है।
अगर नई सूची जारी होती है तो इसमें पंजाब से संबंधित जिम्मेदारियां भी स्पष्ट हो जाएंगी। इससे यह तस्वीर भी साफ होगी कि सचिन पायलट के साथ पंजाब में हाईकमान किस टीम को काम करने के लिए मैदान में उतारता है।पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान की ओर से विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों को दोबारा तय करने को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इसी कड़ी में पंजाब से जुड़े को-इंचार्जों की भूमिका और भविष्य को लेकर भी मंथन चल रहा है।
फिलहाल पंजाब कांग्रेस से जुड़े को-इंचार्जों में हीना कावरे, सूरज ठाकुर और रविंदर डालवी के नाम सामने आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में कांग्रेस स्तर पर नए संगठनात्मक पदों को लेकर विचार-विमर्श का दौर जारी है। खास बात यह है कि इस प्रक्रिया में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की भूमिका के साथ-साथ राहुल गांधी की सीधी दिलचस्पी भी बताई जा रही है। दावा किया जा रहा है कि नए महासचिवों और सचिवों के चयन के लिए संभावित उम्मीदवारों से बातचीत और इंटरव्यू की प्रक्रिया चल रही है।







