लखनऊ में सावन की फुहारों और हरियाली तीज के उत्सव के बीच रविवार कों महिलाओं ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम स्थित अटल प्रेक्षागृह में करीब 2378 महिलाएं एक जैसी हरी साड़ी और पारंपरिक श्रृंगार में जुटीं। सामूहिक प्रस्तुति ने पूरे माहौल को सावन के रंग में रंग दिया।
महिलाओं ने हरे परिधान, चूड़ियां, मेहंदी, हरी बालियां और गले में हरे फूलों की माला पहनी। एक हाथ में तुलसी का पौधा और दूसरे हाथ में दीपक या मोबाइल की रोशनी लेकर उन्होंने सामूहिक रूप से रिकॉर्ड के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजन की जिम्मेदारी शिवी शिल्पग्राम की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री व राज्यपाल से सम्मानित महिला उद्यमी पुनीता भटनागर ने संभाली। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के साथ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड से भी महिलाएं शामिल हुईं।

कार्यक्रम में करीब 2400 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। आयोजन में करीब 2378 महिलाओं ने एक जैसी वेशभूषा में हिस्सा लेकर सामूहिक प्रस्तुति दी। इस ऐतिहासिक पल की गवाही देने के लिए अंतरराष्ट्रीय गिनीज बुक ऑफ एक्सीलेंस वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की प्रतिनिधि प्रीति सिंह भी लखनऊ शामिल हुईं ।

पुनीता भटनागर ने कहा कि सावन हमारी सनातन संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़ा महीना है। हरियाली तीज, कजरी और झूले इसकी खास पहचान हैं। आयोजन का उद्देश्य इन परंपराओं को विश्व स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने आगे बताया कि आगामी 26 जनवरी को 51,000 महिलाओं के साथ एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करूंगी जिसका शीर्षक ‘वंदे मातरम’ होगा।












