नेशनल डेस्क नितिन : बैंक ऑफ अमेरिका (BofA) जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की नॉन-बैंकिंग लेंडिंग यूनिट जियो क्रेडिट में 49.9% तक हिस्सेदारी खरीदेगा। इस डील के तहत अमेरिकी बैंक 1.92 अरब डॉलर यानी करीब 18,268 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगा।
कंपनियों की ओर से बुधवार को जारी बयान के मुताबिक, बैंक ऑफ अमेरिका इक्विटी शेयरों और वारंट के प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए जियो क्रेडिट में ज्वाइंट वेंचर पार्टनर बनेगा। डील पूरी होने के शुरुआती चरण में बैंक ऑफ अमेरिका को जियो क्रेडिट में 26.5% हिस्सेदारी मिलेगी। इसके बाद वारंट एक्सरसाइज करने पर उसकी हिस्सेदारी बढ़कर 49.9% तक हो सकती है।
यह निवेश भारत के तेजी से बढ़ते फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में हालिया बड़े विदेशी निवेशों में शामिल है। इससे पहले जापान के MUFG ने श्रीराम फाइनेंस में निवेश किया था, जबकि दुबई के Emirates NBD ने RBL बैंक में 60% हिस्सेदारी हासिल करने के लिए निवेश किया था।
कंपनियों ने कहा कि इस निवेश से बैंक ऑफ अमेरिका को तेजी से बढ़ते भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के स्थानीय बाजार के अनुभव और जानकारी का भी उसे फायदा मिलेगा।










