अमृतसर, ( नितिन ) — युवाओं को खेलों और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से 11 अक्टूबर को अमृतसर में 5 किलोमीटर की पंजाब यूथ रन मैराथन आयोजित की जा रही है। मैराथन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज विधानसभा हलका खडूर साहिब के विधायक एवं राज्य यूथ विंग के अध्यक्ष स. मनजिंदर सिंह लालपुरा ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
मैराथन संबंधी जानकारी देते हुए स. लालपुरा ने बताया कि मैराथन 11 अक्टूबर को सुबह 5:00 बजे रणजीत एवेन्यू स्थित होटल एच.के. क्लार्क के निकट टी-प्वाइंट से शुरू होगी। इसका रूट कचहरी चौक, कैंट चौक, हरतेज अस्पताल तथा पुरानी पुलिस चौकी, सी-ब्लॉक से होते हुए वापस एच.के. क्लार्क के निकट टी-प्वाइंट पर समाप्त होगा।
उन्होंने बताया कि मैराथन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित हर आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों का पंजीकरण स्कैनिंग के माध्यम से किया जाएगा तथा उन्हें टी-शर्ट भी दी जाएगी। मैराथन पूरी करने वाले प्रतिभागियों को मेडल प्रदान किए जाएंगे, जबकि विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
विधायक लालपुरा ने कहा कि पंजाब यूथ रन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलों से जुड़ने और अपनी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब की वास्तविक ताकत उसके युवा हैं और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर ही प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पंजाब यूथ रन के माध्यम से फिटनेस, खेलों और नशा विरोधी जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने अमृतसर के युवाओं सहित सभी वर्गों के लोगों से इस मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि मैराथन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ सहित कई महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर में आयोजित होने वाली पंजाब यूथ रन भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
डिप्टी कमिश्नर ने युवाओं के साथ-साथ सभी वर्गों के लोगों से मैराथन में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा स्वस्थ, तंदुरुस्त एवं नशामुक्त पंजाब के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की।
बैठक में पनसप के चेयरमैन स. प्रभबीर सिंह बराड़, जिला योजना समिति के चेयरमैन स. गुरप्रताप सिंह संधू, एस.डी.एम. स. गुरमंदर सिंह, डिप्टी सी.ओ. रोजगार स. तीर्थपाल सिंह, शिक्षा विभाग से कोऑर्डिनेटर खेल श्री आशु विशाल, श्री पवन शर्मा, स. जशनदीप सिंह के अलावा विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।









