मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति शिक्षा बैंकिंग जीवनशैली अपराध

बिहार का करोड़पति बीडीओ, 12 वर्ष की नौकरी में 1.71 करोड़ की ’काली कमाई’, आय से 121 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति

On: September 11, 2026 10:25 AM
हमें फॉलो करें:
ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार में लगातार भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई यानी ईओयू ने हाल ही में दरभंगा जिले के बहादुरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी यानी बीडीओ डॉ.आनंद कुमार विभूति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की अलग-अलग टीमों ने पटना, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण व दरभंगा स्थित उनके 4 ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। इनमें पूर्वी चंपारण के चिरैया के साकिन-लालबेगिया गांव स्थित उनका पैतृक निजी आवास भी शामिल है। राजधानी पटना के दानापुर, मुजफ्फरपुर के अहियापुर, पूर्वी चंपारण के चिरैया के साकिन-लालबेगिया के साथ बहादुरपुर के आवास एवं कार्यालय में ईओयू ने तलाशी ली। जहां प्रथम दृष्टया बीडीओ के पास करीब 1 करोड़ 71 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति मिली है। यह उनके ज्ञात आय से 121 प्रतिशत से अधिक है।

आर्थिक अपराध इकाई थाना में 7 सितंबर 2026 को कांड संख्या 21/26 दर्ज किया गया था। इसी मामले की जांच के क्रम में टीम ने मंगलवार को बहादुरपुर स्थित बीडीओ के किराए के आवास पर छापेमारी शुरू की। ईओयू को बीडीओ के मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित सरस्वती नगर के निजी आवास से जमीन खरीद के 16 दस्तावेज मिले हैं। इनमें 9 भूखंड स्वयं के नाम पर जबकि अन्य 7 भूखंड स्वजनों के नाम पर हैं। तलाशी के दौरान इनोवा क्रिस्टा, स्कॉर्पियो के साथ दो और चार पहिया वाहन मिली है। आभूषण खरीद के बिल भी मिले हैं। बीडीओ और स्वजनों के नाम पर विभिन्न बैंकों में 16 बैंक खाते पाए गए हैं, जिन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई की जा रही है। म्युचुअल फंड के अलग-अलग फोलिया में करीब 70 लाख की राशि जमा पाई गई है। एक बैंक लाकर भी पाया गया है, जिसकी तलाशी ली जाएगी। ईओयू को पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना अंतर्गत साकिन-लालबेगिया में बीडीओ के पैतृक भूखंड पर आलीशान बंगला मिला है, जिसके निर्माण पर करीब 70 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

जांच एजेंसी ईओयू की टीम भवन निर्माण का विस्तृत मूल्यांकन भी करायेगी। इसके अलावा बीडीओ के आवास से भारतीय जीवन बीमा निगम एवं अन्य बीमा कंपनियों में निवेश के कागजात मिले हैं, जिसके वार्षिक प्रीमियम के लिए करीब डेढ़ लाख का भुगतान किया जा रहा है। ईओयू ने बीडीओ के पैतृक ग्रामीण विकास विभाग को पत्र लिखकर उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई से अवगत कराया है। पूर्वी चंपारण के लालबेगिया निवासी डॉ.आनंद कुमार विभूति ने 12 वर्ष की सरकारी सेवा में ही एक करोड़ 71 लाख की काली कमाई कर ली। वह वर्ष 2014 में बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी की 53वीं-55वीं बैच के पदाधिकारी हैं। पूर्वी चंपारण से पूर्व वह पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जिलों में कार्यरत रहे हैं। ईओयू छापामारी में जब्त दस्तावेजों की जांच कर रही है, जिसमें प्राथमिकी में अंकित आय से अधिक संपत्ति में और वृद्धि होने की संभावना है।

बता दें कि, भ्रष्टाचार में लिप्त करोड़पति बीडीओ डॉ.आनंद कुमार विभूति 2 माह पूर्व ही मुजफ्फरपुर जिले के कांटी प्रखंड से स्थानांतरित होकर दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड पहुंचे हैं। जहां उन्होंने बीडीओ का प्रभार ग्रहण किया था। इससे पूर्व उनके खिलाफ निगरानी विभाग में भ्रष्टाचार करने से संबंधित शिकायत मिलने की बात सामने आई थी। जिस पर यह कार्रवाई की गई है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment