त्योहारी सीजन में ट्रेनों की बहार, जालंधर-अमृतसर से बिहार-UP के लिए स्पेशल ट्रेनें

On: November 7, 2026 7:47 PM
हमें फॉलो करें:

ad copy

पंजाब (नितिन): दीपावली और छठ पूजा के त्यौहारों पर अपने घरों को जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। त्यौहारी सीजन में विशेष रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत के विभिन्न क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

इसी क्रम में डी.आर.एम. संजीव कुमार अपनी स्पेशल ट्रेन से जालंधर पहुंचे और प्रबंधों का जायजा लिया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि मंडल की ओर से कुल 15 जोड़ी स्पैशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनके 98 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इनमें अमृतसर से चलने वाली 5 जोड़ी और जालंधर सिटी से चलने वाली 1 जोड़ी ट्रेन सहित छेहाटा से चलने वाली 1 जोड़ी ट्रेन शामिल है। इसके अलावा फिरोजपुर कैंट से 2 जोड़ी स्पैशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि त्यौहारों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, टिकट व्यवस्था, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

अमृतसर से पूर्वी भारत के विभिन्न शहरों के लिए विशेष ट्रेनें

रेलवे द्वारा अमृतसर से कटिहार, कोलकाता, बरौनी, जयनगर और छपरा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ट्रेन संख्या 05735 अमृतसर से कटिहार के लिए प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 1.25 बजे रवाना होगी जोकि 27 नवम्बर तक चलाई जा रही है। इसी तरह ट्रेन संख्या 04624 अमृतसर से कोलकाता के लिए प्रत्येक बुधवार रात 8.10 बजे रवाना होगी और इसका संचालन 25 नवम्बर तक निर्धारित है।

29 नवंबर तक 04668 अमृतसर से बरौनी के लिए प्रत्येक रविवार रात 8.10 बजे चलेगी। वहीं 04652 अमृतसर से जयनगर के लिए प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को सुबह 10.55 बजे रवाना होगी। 04638 अमृतसर से छपरा के लिए प्रत्येक सोमवार शाम 7.40 बजे रवाना होगी और 19 अक्तूबर से 30 नवम्बर तक चलाई जा रही है।

जालंधर से बढ़नी के लिए स्पैशल ट्रेन

जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन से बढ़नी के लिए 05006 चलाई जा रही है जोकि प्रत्येक वीरवार को सुबह 10.50 बजे जालंधर सिटी से रवाना होगी, यह रेलगाड़ी 26 नवंबर तक संचालित की जा रही है। पूर्वी क्षेत्रों की ओर जाने वाली 16 नियमित ट्रेनें भी संचालित हो रही हैं। इनमें से 5 ट्रेनें प्रतिदिन चलती हैं, जबकि शेष ट्रेनें सप्ताह में एक, दो, तीन या चार दिन निर्धारित समय के अनुसार संचालित होती हैं।

सिटी स्टेशन के बाहर 400 वर्ग मीटर में अस्थायी वेटिंग एरिया

जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए करीब 400 वर्ग मीटर क्षेत्र में अस्थायी वेटिंग एरिया बनाया गया है। इसका उद्देश्य ट्रेनों के इंतजार में स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को उचित स्थान उपलब्ध करवाना और प्लेटफार्मों पर भीड़ का दबाव कम करना है। फिरोजपुर मंडल द्वारा कुल 3,700 वर्ग मीटर क्षेत्र में अस्थायी प्रतीक्षा स्थल विकसित किए जा रहे हैं। इनमें अमृतसर में 300 वर्ग मीटर, जालंधर सिटी में 400 वर्ग मीटर, लुधियाना में 2,500 वर्ग मीटर और धंडारी कलां में 500 वर्ग मीटर क्षेत्र शामिल है।

टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त कर्मचारी, पूछताछ केंद्रों में भी बढ़ाई व्यवस्था

रेलवे प्रशासन ने प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले हैं। पूछताछ केंद्रों पर भी अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि यात्रियों को ट्रेनों का समय, आवागमन और अन्य जरूरी जानकारियां आसानी से मिल सकें। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर मोबाइल यू.टी.एस. के माध्यम से भी टिकट उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा खानपान स्टालों, दूध स्टालों और अन्य जरूरी वस्तुओं की बिक्री करने वाले ठेकेदारों को पर्याप्त सामान उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment