लखनऊ : उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया। परिवहन निगम की इस विशेष व्यवस्था के परिणामस्वरूप पर्व अवधि के दौरान 12 दिनों में 02 करोड़ से अधिक यात्रियों ने बसों के माध्यम से अपने गंतव्य तक यात्रा की।
परिवहन मंत्री ने बताया कि पर्वों के दौरान यात्रियों की ज्यादा आवक से 06 नवम्बर से 17 नवम्बर, 2026 तक विशेष परिवहन व्यवस्था लागू की गई। इस अवधि में यात्रियों की आवश्यकता एवं आवागमन के दबाव के अनुरूप अधिक से अधिक बसों का संचालन सुनिश्चित किया गया। उन्होंने बताया कि 06 नवम्बर को 18.06 लाख से अधिक, 07 नवम्बर को 16.72 लाख से अधिक, 08 नवम्बर को 17.36 लाख से अधिक, 09 नवम्बर को 14.12 लाख से अधिक, 10 नवम्बर को 16.42 लाख से अधिक, 11 नवम्बर को 19.45 लाख से अधिक, 12 नवम्बर को 19.26 लाख से अधिक, 13 नवम्बर को 22.40 लाख से अधिक, 14 नवम्बर को 20.07 लाख से अधिक, 15 नवंबर को 20.13 लाख से अधिक 16 नवम्बर को 17.15 लाख से अधिक तथा 17 नवम्बर को 31.27 लाख से अधिक यात्रियों ने परिवहन निगम की बसों से यात्रा की गई ।
दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान विशेष रूप से पूर्वांचल क्षेत्र में यात्रियों का आवागमन काफी बढ़ जाता है। प्रदेश के विभिन्न महानगरों एवं अन्य प्रदेशों के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत लोग त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में अपने घरों को जाते हैं। यात्रियों की इस बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम द्वारा पूर्वांचल सहित प्रदेश के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई, जिससे यात्रियों को समय से उनके गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिल सकी।
प्रदेश सरकार आमजन को सुरक्षित, सुलभ एवं बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। त्योहारों के दौरान यात्रियों को बसों की कमी के कारण किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा समन्वय के साथ विशेष प्रयास किए गए। बसों के अतिरिक्त संचालन एवं बेहतर प्रबंधन से यात्रियों के आवागमन को सुचारु बनाए रखा गया।
परिवहन मंत्री ने इस विशेष परिवहन व्यवस्था को सफल बनाने में योगदान देने वाले परिवहन निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं चालक-परिचालकों की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं संतुष्टि सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें