योगी आदित्यनाथ सरकार की मंशा के अनुरूप श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। एडीजी जोन लखनऊ प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एएसपी गौरव ग्रोवर और नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने सरयू घाट से लेकर लता मंगेशकर चौक तक विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।
प्रशासन की ओर से परिक्रमा मार्ग और प्रमुख स्थलों पर निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए। सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन के माध्यम से भी पूरे मेला क्षेत्र पर निरंतर नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) के जरिए लगातार दिशा-निर्देश, सुरक्षा उपायों और आवश्यक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। योगी सरकार के निर्देशों के तहत पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने लगभग 6 घंटे 30 मिनट में चौदह कोसी परिक्रमा पूर्ण की। उन्होंने सहादतगंज स्थित हनुमानगढ़ी से परिक्रमा का शुभारंभ किया और निर्धारित मार्ग से यात्रा पूरी की। परिक्रमा के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थलों पर रुककर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद भी किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं निरंतर चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं।
11 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित में परिक्रमा मार्ग में लगे हैं 16 अपर पुलिस अधीक्षक, चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग को 11 जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया है। अयोध्याधाम के प्रमुख धार्मिक स्थलों व अतिरिक्त मार्गों को 6 जोन तथा 26 सेक्टर (घाट, नागेश्वरनाथ, हनुमानगढ़ी, कनकभवन व यातायात जोन) में विभाजित कर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल प्रभारी के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक/उप अधीक्षक तथा सेक्टर प्रभारी के रूप में उप अधीक्षक/निरीक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। नोडल अधिकारी और महत्वपूर्ण स्थानों पर स्टैटिक ड्यूटी भी तय की गई है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस बल में 16 अपर पुलिस अधीक्षक, 35 उप अधीक्षक, 90 निरीक्षक, 355 उपनिरीक्षक, 35 महिला उपनिरीक्षक, 1320 आरक्षी, 140 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल के अलावा पीएसी की 5 कंपनियां लगाई गई हैं।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें