नगर काउंसिल जंडियाला गुरु के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए आज आयोजित जनरल हाउस की बैठक में वार्ड नंबर 1 से निर्वाचित पार्षद श्री सतिंदर सिंह को सर्वसम्मति से नगर काउंसिल का अध्यक्ष तथा वार्ड नंबर 15 से निर्वाचित पार्षद श्री अमनदीप सिंह विरक को उपाध्यक्ष चुना गया।
15 वार्डों वाली नगर काउंसिल जंडियाला गुरु के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव हेतु आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता एस.डी.एम. अमृतसर-1 श्रीमती अलका कालिया ने की। बैठक के दौरान सबसे पहले सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि नगर काउंसिल जंडियाला गुरु के कुल 15 वार्डों में से हाल ही में हुए चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 13 वार्डों में जीत दर्ज की थी। आज हुई चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी पार्षदों ने श्री सतिंदर सिंह को सर्वसम्मति से अध्यक्ष तथा श्री अमनदीप सिंह विरक को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि नगर काउंसिल की नई टीम जंडियाला गुरु के सर्वांगीण विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई परिषद जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी तथा जंडियाला गुरु की विरासत और पहचान को और अधिक मजबूत करेगी।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री सतिंदर सिंह तथा उपाध्यक्ष श्री अमनदीप सिंह विरक ने सभी पार्षदों, कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. तथा पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण भाव से करेंगे। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की समस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, ताकि लोगों को नगर काउंसिल स्तर पर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।








