अमृतसर (नितिन) : महानगर में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी है। इसी के तहत नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल के निर्देशों पर एम.टी.पी. विभाग की टीम ने छहर्टा इलाके में कार्रवाई करते हुए बिना मंजूरी तैयार की जा रही कमर्शियल कॉम्प्लैक्स की 9 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। जांच के दौरान सामने आया कि इस निर्माण के लिए नगर निगम से कोई मंजूरी नहीं ली गई थी और न ही इमारत का नक्शा पास करवाया गया था।
जानकारी के अनुसार छहर्टा इलाके में एक पुरानी इमारत की आड़ में कमर्शियल कॉम्प्लैक्स तैयार किया जा रहा था। इस दौरान वहां 9 दुकानों का निर्माण कर दिया गया था। नगर निगम के नियमों के अनुसार आवश्यक मंजूरी के बिना किए जा रहे इस निर्माण का संज्ञान लेते हुए एम.टी.पी. विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर डिमोलिशन अभियान चलाया और अवैध रूप से बनाई गई दुकानों को ढहा दिया।
मौके पर की गई कार्रवाई के दौरान ए.टी.पी. सुखदेव वशिष्ठ सहित डिमोलिशन स्टाफ के विवेक और मंगत सिंह मौजूद थे। टीम द्वारा नियमों का उल्लंघन करके किए गए निर्माण को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई गई।
अवैध निर्माणों पर निगम की नजर
उल्लेखनीय है कि शहर में कमर्शियल इमारतों, दुकानों और अन्य निर्माण कार्यों के लिए नगर निगम से नियमानुसार मंजूरी लेना और नक्शा पास करवाना अनिवार्य है। छहर्टा में 9 दुकानों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से निगम ने बिना अनुमति निर्माण करने वालों को सख्त संदेश दिया है। अब देखना होगा कि एम.टी.पी. विभाग द्वारा शहर के अन्य इलाकों में भी अवैध निर्माणों की जांच करके इसी तरह कार्रवाई जारी रखी जाती है या नहीं।








