लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाने और उड़ानों की समयबद्धता में सुधार के उद्देश्य से समानांतर टैक्सी ट्रैक का चरणबद्ध विकास किया जा रहा है। यह परियोजना एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के समन्वय से आगे बढ़ाई जा रही है।
कुल 2,864 मीटर लंबे टैक्सी ट्रैक के 804 मीटर के प्राथमिकता वाले हिस्से का उद्घाटन आज बुधवार को किया गया। यह हिस्सा आज रात 12 बजे से परिचालन के लिए उपलब्ध होगा। शेष हिस्से का उद्घाटन मार्च 2027 के अंत तक किए जाने की योजना है।

लखनऊ एयरपोर्ट पर नियमित वाणिज्यिक उड़ानों के अलावा सामान्य विमानन और गैर-निर्धारित उड़ानों का भी संचालन होता है। साथ ही, मौसम खराब होने या अन्य परिचालन संबंधी व्यवधानों के दौरान दिल्ली, वाराणसी और आसपास के शहरों के लिए जाने वाली उड़ानों को डायवर्ट किए जाने की स्थिति में भी यह एयरपोर्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समानांतर टैक्सी ट्रैक के शुरू होने से विमानों को लैंडिंग के बाद रनवे पर बिना रुके सीधे टैक्सी ट्रैक पर अब लाया जा सकेगा, जिससे रनवे ऑक्यूपेंसी टाइम में कमी, विमानों की सुगम आवाजाही और उड़ानों के समय पर संचालन में सुधार होने की उम्मीद है।
यह पहल लखनऊ एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता को मजबूत करने, उच्च सुरक्षा मानकों को बनाए रखने और भविष्य में बढ़ते हवाई यातायात की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी ढांचे को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।











