पंजाब (नितिन): बरनाला-बठिंडा मुख्य मार्ग पर स्थित तपा के मिलन होटल में अपनी प्रेमिका की हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी का शव खेत से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 दिन पहले बदरा निवासी अमनदीप सिंह पुत्र प्यारा सिंह ने कथित तौर पर तपा निवासी अपनी प्रेमिका जसवीर कौर पत्नी मंगा सिंह की होटल में कई वार कर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उसकी तलाश कर रही थी तथा उसे गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न स्थानों पर सूचना भी भेजी गई थी।
बताया जा रहा है कि फरार होने के बाद आरोपी कराड़वाला के खेत में स्थित मोटर के पास पहुंच गया था, जहां उसने कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। आशंका जताई जा रही है कि उसका शव दो से 3 दिन तक खेत में पड़ा रहा। जब किसान अपने खेत में पहुंचा तो उसने वहां शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान करने की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के कपड़ों तथा अन्य पहचान संबंधी विवरणों के आधार पर उसकी पहचान अमनदीप सिंह पुत्र प्यारा सिंह निवासी बदरा के रूप में हुई। इस संबंध में तपा पुलिस को भी सूचित किया गया, क्योंकि वह जसवीर कौर की हत्या के मामले में वांछित था। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






